मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में संशोधन से न केवल उत्तराखंड की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि आम जनता और व्यापारिक समुदाय को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर से पूरे देश में नई जीएसटी दरें लागू होंगी, जिसमें उत्तराखंड भी शामिल है। रविवार को वर्चुअल माध्यम से मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आम लोगों के हित में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारियों तक तत्काल पहुंचे, इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि 22 से 29 सितंबर के बीच अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करें। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने जनपद और विधायक अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की अगुवाई करेंगे। धामी ने कहा कि जीएसटी दरों के संशोधन से वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल जैसे अभियान को भी गति मिलेगी। राज्य के अंब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज, जीआई टैग प्राप्त 27 उत्पादों, ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ योजना, स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को नई जीएसटी दरों से बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना साकार होगा।
