आप उत्तराखंड राज्य के रहने वाले है और अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते है तो अब आपको ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ऑटोमेटिक टेस्ट देना पड़ा करेगा, जिसके लिए आपको 100 रुपये अतिरिक्त यूजर चार्ज भी देना होगा। परिवहन विभाग की नीति में इस बदलाव पर बीते सोमवार 04 दिसंबर को कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। आपको बता दे की प्रदेशभर में 21 ड्राइविंग टेस्ट सेंटर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से आठ प्रस्ताव परिवहन विभाग ने पास भी कर दिए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए सचिव परिवहन अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया, अभी तक देहरादून में ऑटोमेटिक टेस्ट सेंटर से टेस्ट के आधार पर ही ड्राइविंग लाइसेंस जारी होते आए हैं, लेकिन प्रदेश में सभी 21 एआरटीओ क्षेत्रों में ऐसे सेंटर बनाए जा रहे हैं। इनमें से आठ के प्रस्ताव को पास किया जा चुका है। बाकी पर भी काम चल रहा है। बताया, आने वाले समय में इन सेंटर पर ऑटोमेटिक टेस्टिंग के बाद ही डीएल जारी होगा, बिना टेस्ट नहीं। केंद्रों पर कंप्यूटर, सीसीटीवी की मदद से ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा।
