संरक्षण गृह में रह रही किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। बीते दिनों किशोरी ने आरोप लगाया था कि संरक्षण गृह की दो अनुसेविकाएं उसे इलाज के बहाने किसी मकान में ले जातीं हैं, जहां उससे दुष्कर्म किया जाता था। इससे शासन, प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ने एक अनुसेविका को निलंबित कर दूसरी को होमगार्ड विभाग को वापस करते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। मामले की जांच के लिए शासन स्तर से दो सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया था। पुलिस ने इस मामले पर जब अपनी जांच शुरू की तो यह मामला झूठा पाया गया। जांच में किशोरी के आरोप सही नहीं पाए गए। मेडिकल रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी। इस मामले में नैनीताल पुलिस ने आरोप सही साबित नहीं होने पर अपनी फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। वहीं किशोरी को भी उसके परिजनों के साथ भेज दिया गया है।