मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज बुधवार को सचिवालय में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय विद्यालयों में प्रधानाचार्य पद की सेवा नियमावली में संशोधन को हरी झंडी दी गई। इस फैसले से अब पदोन्नति, तैनाती और योग्यताओं को लेकर बनी अस्पष्टता खत्म होगी, जिससे शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा मिल सकेगी। वहीं, 2027 में प्रस्तावित हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी एक अहम फैसला किया गया। कैबिनेट ने मेला संचालन को प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए 82 पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दी। इन पदों पर तैनात कार्मिकों की जिम्मेदारी सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा और समन्वय सुनिश्चित करना होगा। इसके अलावा, राज्य सरकार ने ई-स्टाम्प व्यवस्था को सरल और जनसुलभ बनाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से अब आम नागरिकों को स्टांप पेपर खरीदने के लिए लंबी कतारों में खड़े नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
