भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में नई कार्यकारिणी का गठन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। अनुमान है कि पार्टी इसी सप्ताह प्रदेश स्तर पर नई टीम की घोषणा कर देगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से लौट आए हैं और संगठनात्मक संरचना पर मंथन भी पूरा हो चुका है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुल 31 पदाधिकारी घोषित किए जाएंगे जिनमें आठ उपाध्यक्ष, आठ मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव और एक प्रदेश मीडिया प्रभारी शामिल होंगे। इसके साथ ही सात मोर्चों—युवा, किसान, महिला, ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक मोर्चा—के अध्यक्षों की भी घोषणा होगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में नई टीम सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यकारिणी बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुट जाएगी। संगठन के गलियारों में चर्चा है कि इस बार पार्टी महामंत्री के पद पर किसी महिला नेता को भी जिम्मेदारी मिल सकती है। इससे कार्यकारिणी में संतुलन और विविधता दोनों दिखने की उम्मीद है।
