उत्तरकाशी में यमुना नदी पर बनी झील ने स्यानाचट्टी क्षेत्र में हालात बिगाड़ दिए हैं। झील के पानी से पुल और आसपास का इलाका डूबने के बाद अब स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने यमुनोत्री पुल के पास पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों के आक्रामक तेवर देखकर मौके पर पहुंचे डीएम, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष को भी विरोध का सामना करना पड़ा। डीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि झील को जल्द ही खोलकर पानी निकाला जाएगा और प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। इस बीच पीडब्ल्यूडी, एसडीआरएफ, सिंचाई विभाग समेत कई एजेंसियां झील का एक हिस्सा खोलने की कोशिश में जुटी हैं। राहत की बात यह है कि पिछले एक घंटे में जलस्तर करीब दो फुट घटा है। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर झील की सुरक्षित निकासी और चैनलाइजेशन की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।
