उत्तरकाशी जनपद के बड़कोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में सोमवार रात भारी अतिवृष्टि ने कहर बरपा दिया। कुड गदेरे में उफान आने से करीब डेढ़ दर्जन बकरियां बह गईं। अचानक आए पानी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। इधर, यमुनोत्री हाईवे पर भी भारी बारिश आफत बनकर टूटी है। लगातार दूसरे दिन स्यानाचट्टी के पास सड़क पर मलबा और भारी बोल्डर गिरने से मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध है। सड़क का लगभग 25 मीटर हिस्सा धंस चुका है, जिससे आवाजाही पूर्ण रूप से बंद हो गई है। स्यानाचट्टी की एक ओर पहाड़ी से अब भी लगातार बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे रास्ता खोलने का कार्य जोखिम भरा हो गया है।
गंगोत्री हाईवे भी बाधित-
गंगोत्री हाईवे पर भी मौसम का असर दिखा। मंगलवार सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध रहा, जिससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
10 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी-
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि पूरे उत्तराखंड में 10 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विशेषकर पर्वतीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक लगातार तेज बारिश के दौर रह सकते हैं।
