उत्तराखंड राज्य में मानसून ने अपनी पूरी तरह दस्तक दे दी है। आए दिन हो रही बारिशों के चलते राज्य में जगह जगह आफत नाफत मची हुई है। वहीं, आज मंगलवार को चमोली जिले में भारी बारिश के चलते भारी तबाही देखने को मिल रही है। यहां आज सुबह करीब चार बजे मोख मल्ला के बगड़ तोक में सिरपाख नाला उफान पर आ गया। इस नाले के पानी से विकासखंड नंदानगर में मोक्ष गाड के पानी का जलस्तर बहुत अधिक बढ़ गया। जिसके चलते एक गौशाला पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, जबकि 11 आवासीय मकान खतरे की जद में आ गए हैं। फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सुबह हुई इस घटना से आसपास के लोग घर छोड़कर भागने लगे। कई घरों में पानी घुस गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने रात्रि में सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। प्रशासन की टीम खेती को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
