मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व मंत्रिमंडल के सदस्य राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे प्रभावित परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लेंगे और राहत-पुनर्वास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि सभी विभाग आपदा प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को और तेज़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय से काम करेंगे। निर्णय के अनुसार प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराना, आवश्यक संसाधनों की निर्बाध आपूर्ति करना और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नुकसान की व्यापक समीक्षा से आगामी नीतियों और रणनीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
