पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गैरसैंण राजधानी को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। शुक्रवार को अल्मोड़ा पहुंचे हरीश रावत ने कहा कि भाजपा पिछले सात सालों से लगातार जनता के साथ छलावा कर रही और घाव में नमक छिड़कने का काम कर रही है। प्रेस वार्ता में रावत ने कहा सरकार ने ग्रीष्मकालीन राजधानी का झुनझुना थमाकर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की तैयारी चल रही थी। इसके लिए आधारभूत ढांचा भी तैयार कर लिया गया था ।लेकिन भाजपा ने इसे ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित कर दिया। रावत ने केदारनाथ चुनाव को लेकर कहा कहा कि भाजपा डरी हुई है इसलिए वो केदारनाथ का चुनाव नहीं करा पा रही है, रावत ने कहा कि कांग्रेस बद्रीनाथ की तरह केदारनाथ उप चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी,नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष पीतांबर दत्त पांडे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शोभा जोशी आदि उपस्थित रहे।
