उत्तराखंड राज्य में इन दिनों चल रही चारधाम यात्रा के दौरान कुछ अज्ञात ठगों द्वारा केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के साथ यात्रा पंजीकरण के नाम पर फर्जी पंजीकरण देकर 4.40 लाख की ठगी करने का मामला सामने आ रहा है। इस मामले को रुद्रप्रयाग पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने यात्रियों की लिखित शिकायत पर नौ मुकदमे दर्ज किए हैं। रुद्रप्रयाग एसपी ने बताया कि केदारनाथ यात्रा में यह पहला प्रकरण है, जब पंजीकरण के लिए यात्रियों से इस तरह से ठगी गई है। बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए हरिद्वार व दिल्ली में उनसे कुछ लोगों ने 2500 रुपये से लेकर 3.50 लाख रुपये तक लिए थे। लेकिन यहां जांच में उनका रजिस्ट्रेशन फर्जी मिला है। डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि पीड़ितों की लिखित शिकायत पर 9 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साथ ही यात्रियों के द्वारा जिन लोगों के नाम बताए गए हैं, उनके बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
