केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा बीते रविवार को गरमपानी, भवाली और भीमताल पहुंचे जहां पर विधायक सरिता आर्या, सोबन सिंह, रमेश सुयाल, मदन मोहन कैड़ा आदि मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि भवाली स्टेट हाईवे पर जो भी काम होंगे वह कराएं जाएंगे। साथ ही जाम की समस्या को हल करने के लिए भवाली से कैंची और रातीघाट तक दोनों बाईपास को जल्द शुरू कराएंगे। कहा कि टनल से भी कैंची धाम को जोड़ा जाएगा। इधर भीमताल में विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंत्री से भीमताल बाईपास में नहर चौड़ीकरण आदि की मांग की। मंत्री ने कहा कि भीमताल बाईपास में नहर चौड़ीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत कराई जाएगी। साथ ही काठगोदाम से नैनीताल तक डबल लेन सड़क और भीमताल में सड़क सुधारीकरण के साथ कैंची धाम तक सड़कों को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए काम शुरू कर दिया है।
