उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे बाधित हो गया है। जानकारी के अनुसार, गोपेश्वर के पास पीपलकोटी क्षेत्र के भनेरपानी में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से हाईवे अवरुद्ध हो गया है। इस मार्ग पर दोनों ओर करीब 500 यात्री फंसे हुए हैं। एनएचआईडीसीएल की जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंचकर बारिश के बीच मलबा हटाने का प्रयास कर रही हैं। वहीं उत्तरकाशी जिले में भी मौसम का असर देखा जा रहा है। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) ने धराली क्षेत्र में मलबा हटाकर यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया है। हालांकि हर्षिल में बनी झील में डूबे हाईवे को सुचारू करना अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और संबंधित विभागों से मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें।
