लगातार बारिश के बीच सोमवार सुबह करीब पांच बजे भनेरपाणी क्षेत्र में मलबा और बोल्डर गिरने से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया। दोपहर एक बजे तक सड़क से मलबा नहीं हट पाया था, जिससे यातायात पूरी तरह ठप रहा। हाईवे के दोनों छोर पर करीब 700 तीर्थयात्री फंस गए हैं। इनमें बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे और लौट रहे श्रद्धालु शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन यात्रा वाहनों को चमोली बाजार, पीपलकोटी, मायापुर, पाखी, हेलंग और ज्योतिर्मठ में रोक दिया है। हालांकि जो यात्री अपने वाहनों के साथ सीधे भूस्खलन क्षेत्र भनेरपाणी पहुंच चुके हैं, वहां खाने-पीने की कोई व्यवस्था न होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
