उत्तराखंड चारधाम यात्रा और कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उत्तराखंड में एआई तकनीक से लैस फेस रिकॉग्निशन कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे भीड़ में चलते-फिरते लोगों के चेहरों को स्कैन कर अपराधियों के डेटाबेस से उनका मिलान करेंगे।कैमरों को चित्रखोजी, नेटग्रिड, इंटेलिजेंस ब्यूरो और जेल विभाग के सर्वर से जोड़ा जाएगा। यदि किसी संदिग्ध, वांटेड आरोपी या जमानत पर छूटे अपराधी का चेहरा डेटाबेस से मेल खाता है तो कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट जारी होगा और नजदीकी पुलिस टीम को सूचना मिल जाएगी।केंद्रीय गृह मंत्रालय और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तैयार इस योजना का उद्देश्य चारधाम यात्रा और कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाना है। पुलिस विभाग ने यात्रा मार्गों और प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए स्थलीय निरीक्षण भी शुरू कर दिया है।
