मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने सचिव पर्यटन को मास्टर प्लान तैयार करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय 27 जुलाई को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हुई भीड़भाड़ के दौरान दुर्घटना के बाद लिया गया, जहां सीएम धामी ने स्वयं स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भीड़ नियंत्रण और अन्य सुविधाओं के लिए समग्र योजना बनाने के निर्देश दिए थे। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिव पर्यटन को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई शुरू करने को कहा है। मास्टर प्लान में खासतौर पर उन धार्मिक स्थलों को शामिल किया जाएगा, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस योजना के निर्माण और क्रियान्वयन में कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के मंडलायुक्तों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही तीर्थ मार्गों पर अवैध अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मास्टर प्लान में प्रमुख प्रावधान-
-भीड़ नियंत्रण हेतु प्रभावी व्यवस्था
-तीर्थ स्थलों की धारण क्षमता का वैज्ञानिक आकलन और विकास
-अलग प्रवेश एवं निकास मार्गों का निर्धारण-प्रतीक्षा के लिए समुचित स्थान
-आपातकालीन निकासी की ठोस व्यवस्था
-स्वच्छ पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा
-सुव्यवस्थित सूचना एवं मार्गदर्शन प्रणाली
-पार्किंग की व्यवस्था
