उत्तराखंड राज्य के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड की दूरस्थ ग्राम सभा मखेत की एक महिला जंगल में घास लेने गई हुई थी तभी अचानक एक गुलदार महिला पर हमला कर दिया। गुलदार ने जैसे ही महिला पर हमला किया तो उसने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार का सामना किया और एक के बाद एक दरांती से गुलदार पर वार कर दिए। वहीं इस घटना के दौरान महिला की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगो आता देख गुलदार वहां से भाग खड़ा हुआ।

घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में भर्ती कराया है। वहां उसका उपचार चल रहा है। गुलदार ने महिला के पैर पर अपने नाखूनों से हमला किया, जिससे उसका पैर पर काफी ज्यादा घाव हो गया है। घायल महिला दीपा देवी ने बताया कि, गुलदार को सामने देखरकर और अचानक हमले से वह घबराई नहीं और हाथ में दरांती होने से गुलदार पर कई वार किए और शोर मचाने लगी। इससे गुलदार घबरा गया। इस बीच उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं भी वहां आ गईं और शोर मचाने लगीं। इसके बाद गुलदार भाग खड़ा हुआ। वहीं इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दे दी है। ग्राम सभा मखेत की प्रधान शशि देवी ने कहा कि गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया जाए। घटना के बाद से पूरे गांव में खौफ का माहौल है।
