उत्तराखंड सरकार ने इस वर्ष के तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया है। यह सम्मान 4 सितंबर को आईआरडीटी सभागार में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि प्रदेश भर से चुनी गई इन महिलाओं ने समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किए हैं। साथ ही, 33 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा। मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य कर प्रदेश में नई पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार हर संभव सहयोग करेगी और इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी।
