अल्मोड़ा। जनपद में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति न होने से होटल, ढाबा संचालकों और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए गैस एजेंसियों और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले कई दिनों से व्यापारियों को कमर्शियल गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है और रोज़गार चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की लापरवाही और सरकार की उदासीनता के कारण व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।उन्होंने सरकार से मांग की कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और व्यापारियों को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस व्यापारियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से गैस एजेंसियों की व्यवस्था में सुधार कर व्यापारियों को हो रही परेशानी को जल्द दूर करने की मांग की है।
