नवरात्रि का दूसरा दिन आज, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से मिलता है ज्ञान और आत्मबल
अल्मोड़ा चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन आज देवी के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा-अर्चना होती हैं। इस दिन मां ब्रह्मचारिणी की उपासना का विशेष महत्व माना जाता है। ‘ब्रह्म’ का अर्थ तपस्या और ‘चारिणी’ का अर्थ आचरण करने वाली होता है, यानी तप का आचरण करने वाली देवी।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी, माता पार्वती का अविवाहित स्वरूप हैं, जिन्होंने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था।
उनकी पूजा विशेष रूप से विद्यार्थियों और करियर में संघर्ष कर रहे लोगों के लिए फलदायी मानी जाती है।मान्यता है कि मां ब्रह्मचारिणी की आराधना से भक्तों को ज्ञान, धन और आत्मबल की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है।
