अल्मोड़ा, ।नगर निगम अल्मोड़ा के अंतर्गत पर्यावरण मित्रों द्वारा की जा रही हड़ताल आज समाप्त हो गई। इस संबंध में पर्यावरण मित्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और पर्यावरण मित्र शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।इस दौरान मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा की मौजूदगी में उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं मुख्य पर्यावरण पर्यवेक्षक राजपाल पंवार ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
मेयर अजय वर्मा ने कहा कि नगर की स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को नगर के संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि खुले में कूड़ा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
साथ ही जिलाधिकारी ने नगरवासियों से अपील की कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, खुले में कूड़ा न डालें और पर्यावरण मित्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें।
