अल्मोड़ा, । धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अल्मोड़ा के मल्ला महल में ‘जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर सरकार की उपलब्धियों को जाना और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य ने विकास और सुशासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है। उन्होंने जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, रोजगार सृजन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा निवेश को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही चिकित्सा शिविर का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य लाभ भी दिया गया।
मुख्य अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, विश्वास और सुशासन का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही, जिसमें स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को साढ़े बाइस लाख रुपये के चेक भी वितरित किए गए, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम स्थल पर ‘धुरंधर धामी’ सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां लोगों ने उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का संदेश दिया।इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
