
उत्तराखंड: प्रदेश में चारधाम यात्रा के चलते श्रृद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। साथ ही दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी है। जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संभालना एक चुनौती बनता जा रहा है। हालांकि उत्तराखंड पुलिस इस चुनौती पर बखूबी खरी उतरी है।
पर्यटकों की असीमित संख्या आने से उत्तराखंड पुलिस की मुश्किलें बढ़ रही
बता दें कि राज्य सरकार ने इस बार यात्रा असीमित कर दी है, जिससे राज्य में पर्यटकों की असीमित संख्या आने से उत्तराखंड पुलिस की मुश्किलें बढ़ रही हैं। अगले महीने से स्कूलों में पड़ने वाली छुट्टियों के बाद भारी तादाद में पर्यटकों के उत्तराखंड आने की संभावना है। वहीं अभी तक चारधाम यात्रा के लिए ही करीब 25 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। वहीं, डीजीपी उत्तराखंड अशोक कुमार का भी मानना है कि जिस तरह से भारी तादाद में बाहरी राज्यों से प्रदेश में पर्यटक आ रहे हैं इससे पुलिस की चुनौती काफी बढ़ी है। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है और चारों धामों में जगह सीमित है। हालांकि उत्तराखंड पुलिस अपना काम बखूबी निभा रहे हैं।