उत्तराखंड राज्य में जुलाई माह शुरू होते ही मानसून की भी शुरुआत हो गयी है। बीते सोमवार को राज्य के गढ़वाल से कुमाऊं तक कई इलाकों में बारिश हुई। प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में पहली से 12वीं तक के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों में आज दिनांक 02 जुलाई मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया है। बागेश्वर की डीएम अनुराधा पाल, चंपावत डीएम नवनीत पांडे और नैनीताल डीएम वंदना ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी, कुछ जगहों में भारी और कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र दौर की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। इसे देखते हुए सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्र में अवकाश घोषित किया गया है। निर्देश की अवहेलना पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
