अल्मोड़ा, 20 मार्च 2026। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से स्ट्रेचर, शव वाहन, व्हील चेयर और एम्बुलेंस की खरीद के प्रस्ताव पर चर्चा की गई, जिसे जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान की। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित हो सकेगी।इसके अलावा समाज कल्याण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों तक रेडक्रॉस की सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तर पर रेडक्रॉस के सदस्यों को आपदा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे आपदा के समय उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी बन सके।जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह (मोनू) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
