अल्मोड़ा। पंचायत चुनाव की मतगणना को चार दिन बीत जाने के बाद भी कई विजयी जिला पंचायत सदस्यों को अब तक जीत का प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया है। इस स्थिति को लेकर कांग्रेस ने जिला प्रशासन पर लापरवाही और जानबूझकर प्रमाणपत्र रोके जाने का आरोप लगाया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और चुनाव में विजयी जिला पंचायत सदस्यों ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामजीशरण शर्मा से मुलाकात की और अपनी नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पहले प्रमाणपत्र जिला पंचायत कार्यालय में वितरित किए जा रहे थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया सीडीओ कार्यालय में स्थानांतरित कर दी गई है। यहां एक कर्मचारी के बीमार होकर अवकाश पर चले जाने के कारण प्रमाणपत्रों का वितरण ठप हो गया है। उन्होंने बताया कि रोजाना सल्ट, द्वाराहाट, लमगड़ा, रानीखेत समेत कई क्षेत्रों से विजयी उम्मीदवार प्रमाणपत्र के लिए आ रहे हैं, लेकिन उन्हें लौटना पड़ रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रमाणपत्र नहीं दिए गए तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। इस पर सीडीओ रामजीशरण शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और विजेताओं को जल्द प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
