चीन: मामला चीन के बीजिंग का है। यहां 13 साल की लड़की ने गेमिंग में 52 लाख रुपए उड़ा कर अपने माता पिता की जिंदगी भर की कमाई खत्म कर दी। अब उनके अकाउंट में महज 0.5 युआन (करीब 5 रुपए) ही बचे हैं।
10 फ्रेंड्स के लिए भी गेम खरीदे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस लड़की को पेरेंट्स की बैंक डीटेल्स और अकाउंट के बारे में पता था। उसने 120,000 युआन (करीब 14 लाख रुपए) के गेम खरीदे। इसके बाद पे एंड प्ले में करीब 24 लाख रुपए उड़ा दिए । लड़की ने सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि 10 फ्रेंड्स के लिए भी गेम खरीदे थे। इसके लिए उसने डेबिट कार्ड का भी इस्तेमाल किया। इस लड़की की टीचर ने उसकी मां वेंग को बच्ची पर नजर रखने को कहा। मां ने जब अकाउंट चेक किया तो उसमें महज 0.5 युआन (करीब 5 रुपए) ही थे। कुछ वक्त पहले तक इस अकाउंट में 449, 500 युआन (करीब 52 लाख रुपए) थे। ये रकम पेरेंट्स की तमाम सेविंग्स थी।
इमरजेंसी में इस्तेमाल के लिए बेटी को बताईं थी बैंक डीटेल्स
लड़की की मां ने चीन के सोशल मीडिया पर अपने बैंक स्टेटमेंट शेयर किए और बताया कि ऑनलाइन गेमिंग कितनी खतरनाक है। उन्होंने रोते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया। मां का कहना है कि उन्होंने इमरजेंसी में इस्तेमाल के लिए बेटी को यह डीटेल्स बताईं थीं। अब चीन के सोशल मीडिया पर यह बहस चल है कि बच्चों को स्मार्टफोन दिए जाएं या नहीं, और अगर दिए भी जाते हैं तो उन पर नजर किस तरह रखी जाए।
