नैनीताल जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भवाली-रातिघाट बाईपास समेत कैंचीधाम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले, यानी जून माह तक बाईपास हर हाल में चालू किया जाए।
मुख्य सचिव ने कैंची धाम मंदिर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए कहा कि यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। बाईपास बनने से न केवल कैंचीधाम में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, बल्कि पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार 18.15 किमी लंबे इस बाईपास में से 8 किमी मार्ग पर यातायात शुरू हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में तेजी से निर्माण कार्य जारी है। पुल निर्माण और सुरक्षा दीवारों का काम भी प्रगति पर है।निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मंदिर परिसर में चल रहे पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पैदल मार्ग और फैसिलिटेशन सेंटर जैसे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।इसके अलावा नैनीताल मालरोड में भू-धसाव रोकने के लिए चल रहे कार्यों का भी जायजा लिया गया और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
