हल्द्वानी लालकुआं से जुडा एक बहुत बड़ा मामला सामने आ रहा है। यहाँ पर जमीनी विवाद के चलते भतीजे ने अपने चाचा की हत्या कर दी थी। जिसके बाद वह फरार हो गया था। हत्या करने के बाद 14 साल तक वह लापता रहा। आखिर एसटीएफ ने उसे हरियाणा से दबोच लिया। अब आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है।
जाने पूरा मामला-
लालकुआं निवासी प्रकाश पंत ने 10 दिसंबर-2009 को जमीन के बंटवारे को लेकर अपने चाचा दुर्गा दत्त पंत की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद से वह फरार था। इस घटना की तहरीर मिलने के बाद नैनीताल पुलिस ने उसे पकड़ने की काफी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पायी। एसटीएफ एसपी आयुष अग्रवाल के अनुसार, प्रकाश पंत दिल्ली, तमिलनाडु, हरियाणा, बेंगलुरु, गुजरात, पूना में पहचान छुपाकर रहा था। उसने अपना नया नाम ओमप्रकाश रख लिया था। वह लगातार अपनी जगह बदल देता था। एसटीएफ ने सूचना तंत्र के आधार पर उसे हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ने एसटीएफ को बताया कि वह पहले से फरीदाबाद में वैल्डिंग फैब्रिकेशन फीटर का काम करता था। बताया कि साल 2016 में आरोपी ने उन्नाव की रहने वाले एक परिवार की लड़की पूजा से शादी भी कर ली और बाद में बल्लभगढ़ में वैल्डिंग की दुकान खोल ली। वहां वह बीते सात साल से रह रहा था। शादी के बाद उसे तीन बेटे हुए। अभियुक्त ने अफवाह फैला दी थी कि वह अब नेपाल में रह रहा है। हालांकि बाद में वह पकड़ में आ ही गया।
