नैनीताल जिले मे ज्योलीकोट के बड़े क्षेत्र मे पिछले एक महीने से पानी की किल्लत और विभागीय अधिकारियों के खोखले आश्वासन से परेशान हो कर वहाँ के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जब आक्रोषित होकर गुस्साए ग्रामीणों ने आंदोलन किया उसके बाद जा कर बीते रविवार को पेयजल आपूर्ति को सुचारु रूप से ठीक किया गया। साथ ही ग्रामीणों का आरोप है यहां हर घर जल- हर घर नल योजना के तहत पेयजल लाइन बिछाई जा रही है जिस पर मानकों की अनदेखी की जा रही है। दरसल ज्योलीकोट के बड़े इलाके में लगभग एक महीने से पेयजल का संकट बना हुआ था। शिकायत पर अधिकारी टाल मटोल करते और खोखला आश्वासन दे रहे थे। जिस पर बीते रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। पुरानी पेयजल और निर्माणाधीन योजनाओं का स्वयं निरीक्षण किया तो पाया कि यहां जो लाइन बिछाई गई है वो मानकों के विपरीत है। मानकों के तहत पेयजल लाइन जमीन में दो फीट गहराई में डाली जानी चाहिए, लेकिन यहां लाइन कई जगह खुली पड़ी है। जो विभाग की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान है। ग्रामीणों की इस शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान डाॅ. ललित जोशी, खुशाली राम, हेमन्त बोरा, संजय पांडे, गोविंद बर्गली, विरेंद्र जोशी, पुष्कर जोशी, पूरन, उमेश आदि मौजूद रहे।
