खटीमा में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए गुरुवार का दिन खास रहा। पुष्कर सिंह धामी ने खेतलसंडा स्थित सीएसडी कैंटीन और सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान जनता और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में 715.51 लाख रुपये की लागत से बनी सीएसडी कैंटीन और 162.26 लाख रुपये से निर्मित सैनिक मिलन केंद्र को जनता को समर्पित किया गया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने पिता स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही 60 वीर नारियों और 80 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पिता के विचार, अनुशासन और देशसेवा की भावना आज भी उन्हें प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने 28 वर्षों तक सेना में रहकर 1962, 1965 और 1971 के युद्धों सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों में योगदान दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।
रक्षा उत्पादन 46 हजार करोड़ से बढ़कर 1.54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और भारत 80 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। अनुग्रह राशि बढ़ाई गई है, आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जा रही है और वीरता पुरस्कारों की राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी गई है।कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की माताजी विशना देवी और उनकी पत्नी गीता धामी भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।
#Khatiama #PushkarSinghDhami #ExServicemen #UttarakhandNews #Defense #IndianArmy #BreakingNews
