आज का दिन देश के उन वीर सपूतों को समर्पित है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। हर साल 26 जुलाई को भारत कारगिल विजय दिवस मनाता है। एक ऐसा दिन जो भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा को याद करता है। इस वर्ष कारगिल विजय की 26वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। यह दिन न सिर्फ़ भारत की सैन्य विजय का प्रतीक है, बल्कि हर भारतीय के गर्व और सम्मान का पर्व भी है।
क्या हुआ था 26 जुलाई 1999 को-
साल 1999 में मई से जुलाई तक भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल क्षेत्र में युद्ध चला। यह युद्ध अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में लड़ा गया, जहां तापमान -10 से -20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता था। इस संघर्ष में भारत के लगभग 527 जवान शहीद हुए और कई सौ घायल हुए। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने “ऑपरेशन विजय” को पूर्ण रूप से सफलतापूर्वक अंजाम दिया और पाकिस्तान द्वारा घुसपैठ की गई सभी चौकियों को पुनः कब्जे में लिया। इसी दिन युद्ध के आधिकारिक रूप से समाप्त होने की घोषणा की गई थी। कारगिल विजय दिवस हर भारतीय के दिल में देशभक्ति, कृतज्ञता और गर्व की भावना भर देता है। यह दिन हम सभी को अपने सशस्त्र बलों के पराक्रम को याद करने और उनके बलिदान को सम्मान देने का अवसर देता है।
