नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने निकल कर आ रही है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने अक्तूबर 2025 से जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षाओं का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया। इस कैलेंडर में नौ विभागों से संबंधित कुल 16 भर्ती परीक्षाओं की तिथियां शामिल की गई हैं, जो 5 जुलाई 2026 तक संपन्न होंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार अपर निजी सचिव, क्रीड़ा अधिकारी, वन प्रभाग, कार्मिक विभाग, माध्यमिक शिक्षा, डेरी विकास, न्याय विभाग, महिला कल्याण विभाग और महाधिवक्ता कार्यालय की परीक्षाएं निर्धारित की गई हैं। आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत ने बताया कि इससे पहले 23 सितंबर को 12 भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया गया था। वहीं परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि उत्तराखंड सचिवालय और लोक सेवा आयोग में भर्ती के लिए आशुलेखन परीक्षा 23 सितंबर से 16 अक्तूबर तक जारी है। इसकी मुख्य परीक्षा 14 मार्च 2026 को होगी।
निर्धारित तिथियों के अनुसार—जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा : 2 नवंबर 2025
वन विभाग मुख्य परीक्षा (सहायक वन संरक्षक, वन क्षेत्राधिकारी, लौगिंग अधिकारी) : 24 से 28 नवंबर 2025
न्याय विभाग परीक्षा : 19 से 22 जनवरी 2026
महाधिवक्ता कार्यालय परीक्षा : 8 फरवरी 2026
महिला कल्याण विभाग परीक्षा : 22 मार्च 2026
माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा : 25 जनवरी, 5 अप्रैल, 26 अप्रैल और 17 जून 2026
डेरी विकास विभाग परीक्षा : 12 अप्रैल 2026
कार्मिक विभाग परीक्षा : 6 से 9 दिसंबर 2025, 17 मई और 5 जुलाई 2026
आयोग ने स्पष्ट किया है कि घोषित तिथियां संभावित हैं और आवश्यकतानुसार इनमें बदलाव किया जा सकता है।
