कोटद्वार: आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया। पहले तो व्यक्ति रेल की पटरी में जाकर लेट गया। जब काफी देर इंतजार के बाद भी ट्रेन नहीं आई तो उसने अपना गला रेत डाला। व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री से लगाई मदद की गुहार
जानकारी के मुताबिक घायल हल्द्वानी कुसुमखेड़ा निवासी तारा दत्त (50) ने बताया कि वह हल्द्वानी में ट्रेडिंग का कारोबार करता था। लेकिन लॉकडाउन के बाद से उसका करीब 70 लाख रुपया बाजार में फंस गया है। उसने अपनी जमा पूंजी व कई रिश्तेदारों से पैसा उधार लेकर व्यापार में लगा दिया है। अब आर्थिक तंगी के चलते वह कई बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य रक्षा मंत्री अजय भट्ट सहित प्रदेश के अन्य कई कैबिनेट मंत्रियों से गुहार लगा चुका है। लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली।
अस्पताल में भर्ती
बता दें कि व्यक्ति उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण से मदद की गुहार लगाने कोटद्वार पहुंचा था। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष कोटद्वार में मौजूद नहीं हैं। ऐसे में उसने मदद का पत्र विधानसभा अध्यक्ष के पीआरओ को दिया। जिसके बाद तारा दत्त आत्महत्या के इरादे से कोटद्वार रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे पटरी पर चला गया। जब ट्रेन नहीं आई तो उसने ब्लेड से अपना गला रेत दिया। घायल का बेस चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।
