
हल्द्वानी: हल्दूचौड़ में एक भयानक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां एक युवक को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
बाइक से हल्दूचौड़ गए थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक मानस शाह(22) पुत्र हरीश चंद्र शाह निवासी तल्लीताल भीमताल, आम्रपाली कॉलेज से होटल मैनेजमेंट तृतीय वर्ष का छात्र था। वह हल्द्वानी में कमरा किराए पर लेकर रहता था। बुधवार शाम मानस अपने दोस्त पंकज भौर्याल निवासी बेरीनाग के साथ बाइक से हल्दूचौड़ गया था। जहां यह हादसा हो गया।
लहुलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े थे युवक
बुधवार देर रात कुछ लोगों को दोनों लहुलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। लोगों ने उन्हें बेस अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मानस को मृत घोषित कर दिया। मानस घर का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पंकज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर कर दिया।