रुद्रप्रयाग जनपद में एक गांव में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक सप्ताह गुजर जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। पीड़िता के पिता ने पुलिस से मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। जिले में एक युवती के साथ सामूहिक दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस द्वारा मामला पंजीकृत किया गया।जबकि राजस्व उप निरीक्षक द्वारा युवती के बयान दर्ज किए गए। राजस्व उप निरीक्षक ने राजस्व पुलिस से केस रेगुलर पुलिस को हस्तान्तरित कर दिया है। जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले जिले में एक गांव में एक युवती के साथ ग्राम प्रधान, एक अन्य व्यक्ति और एक नेपाली मूल के व्यक्ति द्वारा सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है।पीड़ित युवती मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। जब घटना हुई तो वह जंगल में गाय चुगाने के लिए गई थी, जहां आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। राजस्व उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर मामला रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर किया गया है जिसकी पुलिस जांच कर रही है।वहीं पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि पुलिस को राजस्व पुलिस की तरफ से आईपीसी की धारा 376 का एक मामला मिला है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा राजस्व उप निरीक्षक से मामले की पूरी जानकारी ली जा रही है। इधर, पीडिता के पिता ने मामले में पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
