उत्तराखंड में इन दिनों शुष्क मौसम का असर लगातार बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और शाम की ठंड में इजाफा हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का असर निचले क्षेत्रों के तापमान में गिरावट के रूप में देखने को मिल सकता है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम साफ रहने के आसार हैं।
