यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर साफ मौसम में अचानक भूस्खलन के चलते बड़ा हादसा हो गया। यहां नौकैंची के समीप मलबे के साथ चार से पांच बड़े बोल्डर पहाड़ी से निचे आ गिरे, जिसके चलते तीन से चार लोग मलबे में दब गए। बोल्डर और मलबे से किशोरी और एक पुरुष का शव निकाला जा चुका है। जबकि एक युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक से दो और लोगों के दबे होने की आशंका है। रात करीब नौ बजे तेज बारिश होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। मौसम साफ होते ही फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया जाएगा। भूस्खलन से यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत हो गई है।
