तीन माह के बाद श्रद्धालुओं के लिए केदारनाथ धाम हेली सेवा सोमवार से फिर शुरू हो रही है। इसके लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। हालांकि, मौसम बिगड़ने की स्थिति में हेलिकॉप्टरों की शटल उड़ानों पर रोक रहेगी। हेली सेवा संचालन की अनुमति से पहले डीजीसीए की टीम उत्तराखंड पहुंची। टीम ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड पर सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। पायलटों से लेकर तकनीकी व्यवस्थाओं तक सभी बिंदुओं की जांच की गई। इस बीच छह कंपनियों के सात हेलिकॉप्टर धाम के लिए तैयार कर दिए गए हैं और उनकी ट्रायल उड़ानें सफल रहीं। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और डीजीसीए टीम से बैठक भी सकारात्मक रही है। उन्होंने साफ किया कि खराब मौसम में उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा सभी शटल सेवाओं पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
