चंपावत से जुडी एक खबर सामने आ रही है यहाँ रोडवेज ने हल्द्वानी से श्रीरीठासाहिब के बीच दुबारा से बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। सीएम धामी के निर्देश पर हल्द्वानी डिपो से चोरगलिया, टनकपुर, लोहाघाट होते हुए श्रीरीठासाहिब तक के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू कर दी गई है। दरसल बस सेवा के एकाएक बंद किए जाने की वजह से यहाँ के क्षेत्रीय लोगों को भारी दिक्कते उठानी पड़ रही थी। क्षेत्रीय लोगों ने भाजपा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया था। रोडवेज के महाप्रबंधक दीपक जैन के अनुसार हल्द्वानी डिपो की यह बस सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर हल्द्वानी से चोरगलिया, नानकमत्ता साहिब होते हुए 9 बजकर 30 मिनट पर टनकपुर, दिन में 1 बजकर 30 मिनट पर लोहाघाट और शाम 5:00 बजे श्रीरीठासाहिब पहुंचेगी। बस सेवा को संचालित किए जाने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता भगवान सिंह परवाल, मोहन चंद्र टिटगाई, दीपक शर्मा आदि ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त जताया है। बस सेवा शुरू होने से गुरुद्वारा श्रीरीठासाहिब आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। वहीं उच्च शिक्षा के लिए लोहाघाट महाविद्यालय आने वाली छात्राओं को भी लाभ मिल रहा है।
