भवाली-अल्मोडा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुडा एक बड़ा सड़क हादसा सामने आ रहा हैं यहां रामगाड़ के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे घायल हो गए। गंभीर रूप से तीन घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक बिंदुखत्ता निवासी विक्की सिंह बोरा उम्र 38 साल परिवार के साथ कार से बेरीनाग शादी समारोह में जा रहे थे। उनके साथ कार में पत्नी सीता देवी (32) और बेटी मानसी (13), प्रियंका बोरा (9) और पुत्र शिवराज सिंह (7) सवार थे। इसी बीच रामगाड़ के पास कार से विक्की ने नियंत्रण खो दिया और कार शिप्रा नदी में गिर गई। नदी में गिरते ही चीख पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और उन्होंने खैरना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी को निजी वाहन से सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सीता देवी, विक्की सिंह और शिवराज सिंह को गंभीर चोट आने पर हल्द्वानी रेफर कर दिया। जबकि मानसी, प्रियंका को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
