राज्य के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तराखंड सरकार 14 अक्तूबर को 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को नियुक्ति पत्र प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पटेलनगर स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की सूची सौंप दी है। विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
गढ़वाल मंडल में 681 और कुमाऊं मंडल में 671 पदों पर होगा चयन-
गढ़वाल मंडल में सामान्य व महिला शाखा के 681 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, जिनमें हिन्दी विषय के 112, अंग्रेजी 98, संस्कृत 9, गणित 66, विज्ञान 109, सामान्य विषय 109, कला 103, व्यायाम 59, गृह विज्ञान 3, वाणिज्य 11 और संगीत विषय के दो शिक्षक शामिल हैं। वहीं, कुमाऊं मंडल में सामान्य व महिला शाखा के 671 पदों पर शिक्षक चुने गए हैं। इनमें हिन्दी विषय के 90, अंग्रेजी 73, संस्कृत 12, गणित 89, विज्ञान 88, सामान्य विषय 128, कला 127, व्यायाम 45, गृह विज्ञान 8, संगीत 6, उर्दू 1 और वाणिज्य विषय के 4 शिक्षक शामिल हैं। डॉ. रावत ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के अनुसार 1347 पदों पर नियुक्तियां दी जा रही हैं, जबकि शेष पदों को रिजर्व रखा गया है। उन्होंने कहा कि चयनित शिक्षकों को प्रथम तैनाती राज्य के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में दी जाएगी, ताकि वहां शिक्षकों की कमी पूरी की जा सके और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक विद्यालय में विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में प्राथमिक शिक्षा विभाग में 2100 सहायक अध्यापकों और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 800 से अधिक प्रवक्ताओं की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
