लगातार हो रही बारिश ने भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। क्वारब की पहाड़ी से सड़क पर गिरे कीचड़ ने यातायात रोक दिया, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक ठप रहे यातायात को सुचारु करने के लिए एनएच विभाग और पुलिस टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एनएच रानीखेत के जेई जगदीश पपने ने बताया कि भारी वाहनों को निकालने में समय लगने से जाम लंबा खिंच गया। बाद में कीचड़ हटाकर और कंक्रीट बिछाकर एक-एक कर वाहनों को पार कराया गया पुलिस वॉलंटियर अंकित सुयाल और अल्मोड़ा पुलिस की सक्रियता से यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली। वहीं, खैरना-रानीखेत मार्ग भी दोपहर बाद कनवाड़ी की पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा।
