नैनीताल जिले से जुड़ा एक बड़ा सड़क हादसा सामने आ रहा है यहां हल्द्वानी से वापस खनस्यू लौट रहे होमगार्ड की बाइक बीते गुरुवार 30 नवंबर की देर शाम अचानक अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बाइक के खाई में गिरने से एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी होमगार्ड घायल हो गया। घायल को हल्द्वानी एसटीएच में भर्ती कराया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए खनस्यू थानाध्यक्ष भुवन सिंह राणा ने बताया कि गुरुवार की देर शाम दीपक पनेरू उम्र 35 साल पुत्र त्रिलोचन पनेरू निवासी डालकन्या खनस्यू और मदन चंद्र बहुगुणा उम्र 26 साल पुत्र उर्बादत्त बहुगुणा निवासी करायल खनस्यू बाइक से हल्द्वानी से वापस अपने घर ओखलकांडा को लौट रहे थे। खनस्यू से पहले बसौतिया पुल के पास बाइक के अनियंत्रित होने से बाइक खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से गहरी खाई में गिरे दीपक पनेरू और सड़क पर गिरे मदन चंद्र बहुगुणा को घायल अवस्था में ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दीपक पनेरू को मृत घोषित किया। वहीं मदन को गंभीर चोट के चलते हल्द्वानी एसटीएच में भर्ती कराया है।
