भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों और चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया। धनखड़ ने कहा कि उन्होंने डॉक्टरों की सलाह को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है और तत्काल प्रभाव से अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने सहयोग और स्नेह के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद और सांसदों का आभार व्यक्त किया। धनखड़ ने अपने इस्तीफे में लिखा, ‘मैं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए और डॉक्टरों की सलाह का पालन करते हुए भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं। उनका यह इस्तीफा संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के अनुसार है। मैं भारत की राष्ट्रपति को हार्दिक धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मुझे लगातार सहयोग और एक शांतिपूर्ण कार्य संबंध प्रदान किया। यह मेरे लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। इस अप्रत्याशित फैसले के बाद देशभर में राजनीतिक और संवैधानिक हलचलों की चर्चा तेज हो गई है।
