हरिद्वार में आज यानी बुधवार सुबह उत्तराखंड रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से 20 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य घायल हैं।
एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

जानकारी के मुताबिक रूपड़िया से हरिद्वार जा रही उत्तराखंड रोडवेज बस (UK07 PA 2570) चंडी चौकी हरिद्वार से लगभग 200 मीटर आगे नजीबाबाद की ओर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। बस सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर लोगों को बाहर निकाला।
परिचालक बस के नीचे फंसा

बस का परिचालक हादसे में बस के नीचे ही दबा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद कटिंग उपकरणों की सहायता से बस को काटकर रेस्क्यू किया गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
