मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र स्थित भूनी टोल प्लाजा पर भारतीय सेना के जवान के साथ हुई मारपीट मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ा कदम उठाया है। टोल वसूली एजेंसी एमएस धरम सिंह का लाइसेंस रद्द करने और ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। घटना को लेकर सेना ने भी नाराजगी जाहिर की है। वरिष्ठ अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और इसके लिए यूपी पुलिस के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सरूरपुर और आसपास के गांवों के सचिन, विजय, अनुज, अंकित, सुरेश राणा और अंकित शर्मा के रूप में हुई है।
कैसे हुआ विवाद?-
रविवार रात सेना के जवान कपिल अपने चचेरे भाई शिवम के साथ दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले थे। टोल पर पहुंचने पर फौजी कपिल ने आर्मी का आई कार्ड दिखाया और जाने के लिए कहा, लेकिन टोलकर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि टोलकर्मियों ने उसका आई कार्ड और मोबाइल छीन लिया और बेरहमी से मारपीट की। जवान को लोहे के पिलर से बांधकर पीटा गया। जब शिवम ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
