भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भूस्खलन पूर्वानुमान बुलेटिन जारी करना शुरू कर दिया है। इस तरह रुद्रप्रयाग राज्य का पहला और देश का चौथा जिला बन गया है, जहां आधिकारिक रूप से भूस्खलन संबंधी चेतावनी उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तराखंड भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। जीएसआई की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अब तक 14,780 भूस्खलन संभावित जोन की पहचान की जा चुकी है, जिनमें अकेले रुद्रप्रयाग जिले में 1,509 जोन शामिल हैं। पिछले तीन वर्षों से रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में इस प्रणाली को परीक्षण के तौर पर चलाया जा रहा था। हाल ही में कोलकाता स्थित जीएसआई मुख्यालय से इस प्रक्रिया को औपचारिक मंजूरी दी गई और बुलेटिन सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया गया। जीएसआई ने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की है। संस्था के अनुसार, रुद्रप्रयाग न केवल उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पहला जिला है, बल्कि पूरे देश का चौथा जिला है जहां यह तकनीकी सुविधा अब आम लोगों तक पहुँचाई जा रही है।
