देहरादून। राज्य सरकार ने दरोगा और कांस्टेबल पदों की भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को जारी अधिसूचना के तहत अब इन पदों की भर्ती एकीकृत नियमावली के आधार पर होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विभिन्न विभागों में वर्दीधारी पदों के लिए अलग-अलग परीक्षाओं की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन, कारागार, होमगार्ड, वन विभाग, आबकारी और युवा कल्याण सहित सभी विभागों की दरोगा स्तर और सिपाही स्तर की भर्तियां एक ही परीक्षा से होंगी। नई नियमावली के तहत दरोगा पदों के लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष तय की गई है, जबकि कांस्टेबल पदों के लिए यह सीमा 18 से 25 वर्ष होगी। पहले दरोगा के लिए आयु सीमा 18 से 28 वर्ष और कांस्टेबल के लिए 18 से 22 वर्ष थी। सरकार का मानना है कि यह बदलाव युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाएगा। साथ ही राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद करेगा।
