उत्तराखंड में एक बार फिर प्रकृति का कहर टूटा है। उत्तरकाशी के बाद अब पौड़ी जिले में बादल फटने की घटना सामने आई है। पौड़ी तहसील के बुरांसी गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। एक आवासीय भवन के मलबे में दबने से दो महिलाएं लापता हो गई थीं, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। इसी जिले के थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा गांव में पांच नेपाली मजदूरों के बह जाने की सूचना है। जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ये मजदूर सड़क किनारे टेंट लगाकर रह रहे थे। अचानक बादल फटने से कुछ मजदूर मलबे में दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिलाया। इनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उन्हें गांव के एक स्कूल में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पाबौ के कलगाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसे दुरुस्त करने के लिए बैली ब्रिज मंगवाया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आपदा की स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।
